कमलनाथ के बाद दिग्विजय के बयान से यह तो स्पष्ट हो गया है कि आने वाले कुछ दिनों के अंदर ही प्रदेश को नया पीसीसी चीफ मिल जाएगा। लेकिन वो कौन होगा? यह अभी तय नहीं है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। उनके समर्थक भी लंबे समय से उन्हें अध्यक्ष बनाने की मांग कर रहे हैं लेकिन राजनीतिक खींचतान की वजह से उनकी ताजपोशी नहीं हो पाई।
राजनीतिक संवाददाता। प्रदेश कांग्रेस को महाशिवरात्रि पर नया अध्यक्ष मिल जाएगा। पार्टी आलाकमान के जरिए जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। इसके बाद लंबे समय से चला आ रहा है इंतजार खत्म हो जाएगा। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस बात का एलान किया है।
दिग्विजय सिंह ने रविवार को इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक रूप से यह बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की सहमति से अध्यक्ष का नाम तय किया जाएगा। इससे पूर्व शनिवार को ग्वालियर में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा था कि पार्टी आलाकमान सोनिया गांधी जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष का नाम तय करेंगी।