नागौर । मिली जानकारी में बताया गया है कि जिले के डेगाना के पास मिठड़िया गांव में गुर्जरों की ढाणी के पास जंगलों में 80 से ज्यादा राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत का मामला सामने आया है। जिसमें से 30 मोर और अन्य पक्षी सुबह तक मृत मिले। इससे पहले 50 मोर मृत मिले थे। इसके साथ कुछ अन्य पक्षी भी मृत पाए गए हैं। वहीं एक साथ भारी मात्रा मे मोर के मरने की खबर से ग्रामीणों में भारी गुस्सा है। वन विभाग के अधिकारियों को सूचित करने के बाद विभाग के रेंजर ने रेस्क्यू टीम को भेजा। बाद में खुद भी मौके पर जाकर स्थिति की जानकारी ली।
ग्रामीणों की मदद से 6 मोर का इलाज शुरू करवा कर उन्हें बचा लिया गया और भी घायल मोरों को खेतों में ढूंढा जा रहा है। ताकि उन्हें इलाज के जरिये बचाया जा सके। ग्रामीणों ने बताया कि गुर्जरों की ढाणी के आस-पास के खेतों में मोरों के मरने की जानकारी मिली। इस दौरान खेतों में कुछ मोर घायल अवस्था में भी मिले । झाड़ के नीचे गेंहू के दाने बिखरे हुए मिले। जिस पर ग्रामीणों ने गेंहू के दानों में जहर मिला होने की आंशका व्यक्त की है।