दमोह। मंदिर और गोमाता का श्राप लगने से भाजपा की राज्य सरकार चली गई। वर्तमान में कमलनाथ सरकार है जिसमें माफिया और गुंडाराज नहीं चलेगा। शिवराज का तो पूरा परिवार अवैध उत्खनन में लिप्त था। भाजपा सरकार की 15 साल की गंदगी को साफ करने में समय तो लगेगा। यह आरोप राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त नदी न्यास के अध्यक्ष कंप्यूटर बाबा ने लगाए हैं।
वे शनिवार दोपहर जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक लेने दमोह पहुंचे। इसके पहले सर्किट हाउस पर पहुंचकर उन्होंने मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने उन्हें नदियों से अवैध उत्खनन रोकने और पौधरोपण कर हरियाली फैलाने की जवाबदारी दी है जिसे वे बखूबी निभाएंगे।